नयागांव। नगर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी जलझूलनी ग्यारस पर परंपरागत भव्य आयोजन हुआ। नगर के पांचों प्रमुख मंदिरों सांवलिया मंदिर, बड़ा मंदिर, चारभुजानाथ मंदिर, अस्तर मंदिर एवं बाबा रामदेवजी मंदिर से भगवान को वेवाण में बैठाकर डीजे और ढोल-ढमाकों के साथ शोभायात्रा निकाली गई।
वेवाण नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए स्कूल मैदान स्थित रामकंड कुइया पहुंचे, जहां मंदिर के पुजारियों ने भगवान का स्नान कराकर आरती उतारी। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
शोभायात्रा जावद चौराहे से होते हुए सांवलिया सेठ मंदिर पहुंची, जहां विश्राम के बाद रात्रि में सभी वेवाण अपने-अपने मंदिरों में लौटे। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।