नीमच। स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब नीमच के तीन प्रतिभाशाली पेंटाथलॉन स्टार खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा से नया इतिहास रच दिया है। खिलाड़ी सिद्धांत सिंह गोपाल सिंह जादोन, कनकश्री तेजप्रकाश धारवाल व पृथ्वीराज सिंह गजेंद्रसिंह हारोड़ का चयन एशियन चैंपियनशिप (जापान/कज़ाकिस्तान) के लिए हुआ है।
वॉटर स्पोर्ट्स मेंटॉर प्रभु मूलचंदानी और मोटिवेटर राकेश कोठारी ने बताया कि हाल ही में पंचकूला में आयोजित एशियन चैंपियनशिप ट्रायल में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी योग्यता साबित की। अब शीघ्र ही इंडिया कैंप आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर के चुनिंदा श्रेष्ठ खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके बाद 8 से 13 दिसंबर तक होने वाली एशियन चैंपियनशिप में नीमच के सिद्धांत, पृथ्वीराज और कनकश्री इंडिया टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे और मॉडर्न पेंटाथलॉन में अपने हुनर का लोहा मनवाएँगे।
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे उनका अथक परिश्रम ही नहीं, बल्कि कोचिंग स्टाफकृसमीर सिंह जादोन, नीलेश घावरी, आयुष गौड़, सुधा सोलंकी, अभिषेक अहीर, रोहित अहीर और शुभम स्वर्णकारकृकी मेहनत, स्विमफ्लाय क्लब, पैफी एवं मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन का मार्गदर्शन और परिजनों का अमूल्य सहयोग भी शामिल है।
पेंटाथलॉन एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया एवं जॉइंट सेक्रेटरी मयंक कटारिया ने कहा कि इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों के युवा भी बड़े सपने पूरे कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।