नीमच। अहीर नारायणी सेना के बैनर तले अहीर समाज के प्रतिनिधियों ने सोमवार दोपहर नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ‘चक्रधारी श्रीकृष्ण अहीर यदुवंशी चौराहा’ का निर्माण कराने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह चौराहा नीमच नगर के प्रमुख स्थल पुरानी मंडी गेट के सामने, स्टेशन रोड पर बनाया जाए। यह स्थान नगर के मुख्य मार्गों में से एक होने के कारण सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से उपयुक्त है। समाजजनों ने कहा कि इस चौराहे के निर्माण से अहीर समाज को सामाजिक प्रतिनिधित्व मिलेगा और नगर की सांस्कृतिक विविधता को भी प्रोत्साहन मिलेगा। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि अहीर यदुवंशी समाज यह मांग लंबे समय से कर रहा है, जिसे अब मूर्त रूप देने की आवश्यकता है। समाजजनों ने नगर पालिका अध्यक्ष से इस प्रस्ताव को स्वीकृति देकर शीघ्र प्रशासनिक कार्रवाई प्रारंभ करने की अपील की। इस अवसर पर समाज के अनेक सदस्य और संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।