नीमच। शरद पूर्णिमा के अवसर पर नीमच सिटी के रावणरुंडी मैदान में दशहरा उत्सव समिति के आयोजन में भव्य रावण दहन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर कुल 5 पुतलों का दहन किया गया। कार्यक्रम में विधायक दिलीपसिंह परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सोमवार रात आयोजित इस कार्यक्रम में 41 फीट के रावण, 31-31 फीट के मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों के साथ ही स्थानीय बच्चों द्वारा बनाए गए 21 फीट के आतंकवाद और 11 फीट के रावण के पुतलों को भी आग के हवाले किया गया। रंगारंग आतिशबाजी और स्वांगधारियों की प्रस्तुति कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे।
अतिथियों के संबोधन के बाद कालका माता, काल भैरव, नील भैरव और लाल भैरव ने मैदान की परिक्रमा की। इसके पश्चात अतिथियों ने रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों को दहन किया। सभी पुतले देखते ही देखते जलकर राख हो गए।
कार्यक्रम में जूनियर और सीनियर वर्ग के स्वांगधारियों को पुरस्कृत किया गया। जूनियर वर्ग में पूर्वी प्रजापति (भारत माता), मानवी परमार (झांसी की रानी) और शिवांश गेहलोत (बालाजी) क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में राकेश किलोरिया (रावण), ओम शर्मा (शिवजी) और अवधेश शर्मा (प्रभु श्री राम) को क्रमशः पुरस्कार प्रदान किए गए।
अन्य सभी स्वांगधारियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व पार्षद विजय बाफना ने किया। मेले में झूले, चकरी, खेल-खिलौनों की दुकानें और खानपान के स्टॉल भी लगाए गए, जिससे दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया। नीमच सिटी के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग इस मेले में शामिल हुए।