मंदसौर। शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-17 वर्ग बालक संभाग स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, मंदसौर के संयोजन में तथा जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में नूतन खेल परिसर में किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद मंदसौर की अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका उपाध्यक्ष नम्रता प्रीतेश चावला ने की। विशेष अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी टेरेसा मिन्ज, विकासखंड शिक्षा अधिकारी आनंद डावर, अतिथि राजेश गुर्जर एवं जिला खेल अधिकारी बी.एल. बारीवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आरंभ में सभी अतिथियों का स्वागत विद्यालय क्रमांक-2 के प्राचार्य विजय सिंह पुरावत द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि गुर्जर ने छात्र खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु प्रेरित किया और शुभकामनाएं दीं कि वे अपने विद्यालय और जिले का नाम गौरवान्वित करें। नगर पालिका उपाध्यक्ष चावला ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। क्रिकेट एक लोकप्रिय खेल है और इसकी लोकप्रियता विश्वभर में है। प्रत्येक खिलाड़ी को निरंतर परिश्रम करते हुए भारतीय टीम में स्थान पाने का लक्ष्य रखना चाहिए। इस प्रतियोगिता में संभाग के सातों जिले उज्जैन, देवास, रतलाम, नीमच, आगर मालवा, शाजापुर एवं मंदसौर की टीमें भाग ले रही हैं। प्रत्येक टीम अपने जिले का प्रतिनिधित्व कर रही है। इनके साथ संबंधित कोच एवं मैनेजर भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के प्रारंभ में रतलाम और आगर मालवा टीमों के खिलाड़ियों का परिचय विकासखंड शिक्षा अधिकारी आनंद डाबर, राकेश पुरोहित, जिला खेल अधिकारी बारीवाल एवं संयोजक क्रमांक 2 प्राचार्य विजय सिंह पुरावत के द्वारा खिलाड़ियों से परिचय किया गया। नीमच से रेखा कुमावत, उज्जैन से मोहम्मद अली, रतलाम से दिग्विजय सिंह राठौर, देवास से रविंद्र सिंह बिष्ट, शाजापुर से विनय चौधरी, आगर मालवा से अश्वनी सोनी एवं हेमेंद्र उमठ, मंदसौर से महेंद्र शुक्ला एवं अर्जुन परिहार उपस्थित रहे। सभी टीमों के बीच लीग मैच खेले जा रहे हैं, जिनके आधार पर संभागीय टीम का चयन किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी विद्यालय क्रमांक-2 के क्रीड़ा अधिकारी रघुवीर मालवीय ने निभाई, जबकि आभार प्रदर्शन उत्कृष्ट विद्यालय मंदसौर के क्रीड़ा अधिकारी महेंद्र शुक्ला द्वारा किया गया। जिला खेल अधिकारी बी.एल. बारीवाल के नेतृत्व में सभी विद्यालयों के खेल अधिकारी देवेंद्र बैरागी, नवीन खोखर, रामेश्वर खसरानिया, तथा नूतन स्टेडियम प्रबंधक कुरैशी विशेष रूप से उपस्थित रहे और प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया।