मंदसौर। निवेशकों से करोड़ों रुपए का निवेश कराकर ठगी करने वाले संगठित गिरोह को मंदसौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह का मुख्य सरगना सहित दो आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद से पकड़े गए हैं। आरोपी बीते करीब एक वर्ष से फरार थे और तकनीकी दक्षता के चलते पुलिस को लगातार चकमा दे रहे थे।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना द्वारा जिले में फरार वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना व्हाय.डी. नगर के अपराध क्रमांक 002/25, धारा 318(4), 316(5) बीएनएस एवं 6(1) म.प्र. निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम 2000 के तहत आरोपियों अजय राठौर एवं आदित्य पालीवाल को गिरफ्तार किया गया।

चौन सिस्टम के नाम पर करोड़ों की ठगी-
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अजय राठौर ने क्रोलिक नामक कंपनी की शुरुआत कर चौन सिस्टम के आधार पर स्थानीय लोगों को निवेश के लिए प्रलोभित किया। गिरोह ने निवेशकों को 15 प्रतिशत तक रिटर्न का झांसा देकर करोड़ों रुपए एकत्र किए। शुरुआत में कुछ निवेशकों को रिटर्न देकर विश्वास में लिया गया, जिससे निवेश की राशि लगातार बढ़ती गई। जब 20 करोड़ रुपए से अधिक की रकम एकत्र हो गई, तब आरोपी कंपनी बंद कर फरार हो गए।

तकनीक बना रही थी गिरफ्तारी में बाधा-
मुख्य सरगना अजय राठौर एथिकल हैकिंग का कोर्स कर चुका है और फरारी के दौरान उसने तकनीकी दक्षता का पूरा उपयोग किया। आरोपी सीम रहित मोबाइल, प्रॉक्सी नेटवर्क और वर्चुअल लोकेशन का इस्तेमाल कर पुलिस से बचता रहा, जिससे जांच एक बड़ी चुनौती बनी रही।

फरीदाबाद से हुई गिरफ्तारी-
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी डाटा विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की लोकेशन हरियाणा के फरीदाबाद में चिन्हित की। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तकनीकी और मैदानी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5-5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।

आरोपियों से पूछताछ जारी-
पुलिस द्वारा आरोपियों से गबन की गई राशि, संपत्तियों और लिक्विड मनी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। ठगी की रकम से अर्जित संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी-
- अजय पिता महेश राठौर (उम्र 30 वर्ष), निवासी मल्हारगढ़, जिला मंदसौर
- आदित्य पिता शिवलाल पालीवाल (उम्र 26 वर्ष), निवासी पिपलिया मंडी, जिला मंदसौर

जप्त मशरूका-
- 01 लैपटॉप
- 01 एप्पल आईपैड
- 03 मोबाइल फोन
- 01 महिंद्रा थार वाहन
कुल अनुमानित कीमत- लगभग 20 लाख रुपए

सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में निरीक्षक शिवांशु मालवीय (थाना प्रभारी व्हाय.डी. नगर), उप निरीक्षक रितेश नागर (प्रभारी साइबर सेल), उप निरीक्षक विनय बुंदेला, प्रधान आरक्षक आशीष बैरागी, दशरथ मालवीय, मुजफ्फर उद्दीन एवं आरक्षक मनीष बघेल की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

मंदसौर पुलिस की जनता से अपील-
मंदसौर पुलिस आमजन से अपील करती है कि बिना जांच-पड़ताल और सलाह के किसी भी लालच, दिखावे या फर्जी स्कीम में निवेश न करें। अधिक रिटर्न के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई गंवाने से बचें। सतर्क रहें, जागरूक बनें और किसी भी संदिग्ध निवेश योजना की जानकारी पुलिस को दें।
