नीमच। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के तत्वावधान में आईकेएफ एकेडमी नीमच में आयोजित 25 दिवसीय सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर में आज जल नेति क्रिया का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. माधुरी चोरसिया द्वारा दीप प्रज्वलन तथा मनोहर भारद्वाज के शंखनाद के साथ किया गया।
शिविर में प्रतिदिन योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही रोगानुसार आसन एवं प्राणायाम करने की विधि भी प्रतिभागियों को सिखाई जा रही है।
शिविर के 13वें दिवस पर योग शिक्षक पुखराज साहू ने प्रतिभागियों को जल नेति क्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दौरान एक 6 वर्षीय बालिका द्वारा जल नेति क्रिया का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।
संवाद प्रभारी लाक्षाकार बालकृष्ण सोलंकी ने बताया कि प्रतिदिन आयोजित सांध्यकालीन ऑनलाइन अभ्यास सत्र में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के प्रशिक्षित विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसमें कन्हैयालाल पडियार द्वारा आयुर्वेद, राजेंद्र शर्मा द्वारा शारीरिक विकास विज्ञान तथा जयदयाल शर्मा द्वारा आध्यात्मिक बोध दर्शन की जानकारी प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आज संध्या सत्र में स्वामीजी महाराज का सानिध्य एवं मार्गदर्शन भी योग साधकों को प्राप्त होगा, जिससे प्रशिक्षणार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा।