नीमच। बीती शाम शहर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला। श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा आयोजित 30वें रंग-रंगीले फाग महोत्सव के अंतर्गत खाटू श्याम की भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए और “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ घंटाघर स्थित नरसिंह मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा द्वारा पूजन किया गया। इसके पश्चात सुसज्जित श्याम रथ के साथ शोभायात्रा नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई, जिसमें श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ शामिल हुए।
शोभायात्रा नया बाजार, बारादरी, फव्वारा चौक, कमल चौक, पुस्तक बाजार, सराफा बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। जगह-जगह प्रसादी एवं जलपान की व्यवस्था भी की गई तथा स्वागत मंच सजाए गए।
शोभायात्रा में राधा-कृष्ण की महारास झांकी, शिव-पार्वती, महिषासुर मर्दिनी तथा छत्रपति शिवाजी की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। महाराष्ट्र एवं दिल्ली से आए ढोल-चंग दलों तथा मालवा के बैंड की धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। फूलों, केसर और इत्र की होली ने पूरे वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया।
देर रात शोभायात्रा पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आरती में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया।