मंदसौर/आलोट। अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन का राष्ट्रीय एवं प्रदेश अधिवेशन 1 मार्च 2026, रविवार को नगर परिषद आलोट (मध्यप्रदेश) स्थित अंबेडकर भवन में भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर प्रदेशभर में युवाओं के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। मंदसौर से सैकड़ों युवाओं का विशाल काफिला आलोट के लिए रवाना होगा, जो कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ाएगा।
संगठन के संस्थापक राजेंद्र संघवी, संरक्षक गोविंद डबकरा तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेन्द्र उदिया अधिवेशन को ऐतिहासिक बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटे हैं। उनके साथ राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन मुण्या, मध्यप्रदेश प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र काला, राजस्थान इकाई के प्रदेश अध्यक्ष अंकित रुद्राक्ष एवं गुजरात इकाई के प्रदेश अध्यक्ष पवन पोरवाल के नेतृत्व में आयोजन को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई है।
इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर होगा मंथन-
अधिवेशन में समाज एवं संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। प्रमुख बिंदु इस प्रकार रहेंगे- अंतरजातीय विवाह से संबंधित नियमों पर संगठन की भूमिका एवं समीक्षा, युवती संगठन विस्तार हेतु विशेष सदस्यता अभियान, संगठन विस्तार यात्रा–2026 की रूपरेखा, आगामी चुनावों में समाज की सहभागिता, सीतामऊ बैठक के निर्णयों की प्रगति रिपोर्ट, आगामी त्रैमासिक बैठक की तिथि एवं स्थान की घोषणा। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि यह अधिवेशन केवल बैठक नहीं, बल्कि समाज के युवाओं को नई दिशा एवं मजबूत नेतृत्व प्रदान करने का संकल्प है।
भव्य चल समारोह रहेगा आकर्षण का केंद्र-
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9:30 बजे आगमन के साथ होगी। सुबह 10 बजे स्वल्पाहार के पश्चात पोरवाल धर्मशाला (जुना बाजार) से अंबेडकर भवन, नगर परिषद आलोट तक विशाल चल समारोह निकाला जाएगा। इस शोभायात्रा में युवा शक्ति, महिला प्रकोष्ठ एवं वरिष्ठजन बड़ी संख्या में शामिल होकर संगठन की एकता का संदेश देंगे। दोपहर 12:15 बजे से औपचारिक अधिवेशन प्रारंभ होगा।
अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन ने समाज के सभी पदाधिकारियों, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अधिवेशन को सफल बनाने का आह्वान किया है। संगठन को विश्वास है कि यह राष्ट्रीय एवं प्रदेश अधिवेशन समाज की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की रणनीति तय करने में मील का पत्थर सिद्ध होगा। यह जानकारी राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल वेद द्वारा दी गई।