कुकड़ेश्वर। मनासा विकासखंड के ग्राम फूलपुरा में एक विधवा महिला की जमीन पर जबरन कब्जा करने का मामला सामने आया है। पीड़िता राधाबाई, पति स्व. मनोहर पोरवाल ने प्रशासन से न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
22 साल पहले मिला था भूखंड-
पीड़िता के अनुसार ग्राम पंचायत फूलपुरा में शासकीय प्राथमिक विद्यालय के पीछे खसरा नंबर 365 में स्थित 26×30 फीट (करीब 780 वर्गफीट) का भूखंड (नंबर 165-P) उन्हें लगभग 22 वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत द्वारा आवंटित किया गया था। मकान निर्माण के उद्देश्य से उन्होंने प्लॉट पर नींव भरकर आसनोट भी डलवा रखा है।
दबंग पर जबरन फेंसिंग करने का आरोप-
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही गोपाल गुर्जर ने महिला की आर्थिक कमजोरी और अकेलेपन का फायदा उठाते हुए करीब 10 दिन पूर्व उक्त जमीन पर तार फेंसिंग कर कब्जा करने का प्रयास किया। पीड़िता का कहना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह अब तक पक्का मकान नहीं बना सकीं, जिसका लाभ उठाकर उन्हें जमीन से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है।
जनसुनवाई में पहुंची पीड़िता-
राधाबाई ने जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर को दिए आवेदन में भावुक अपील करते हुए दोषी के खिलाफ कार्रवाई कर जमीन वापस दिलाने की मांग की है। वर्तमान में कुकड़ेश्वर में निवासरत पीड़िता ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रदान करने और मालिकाना हक दिलाने की मांग की है।
अधिकारियों के बयान-
मनासा जनपद पंचायत के सीईओ आरिफ खान ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला कार्यालय आकर पूरी जानकारी दें, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। वहीं ग्राम पंचायत फूलपुरा के सचिव चैनराम गुर्जर ने कहा कि वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने पर पट्टा जारी किया जा सकता है तथा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने पर पंचायत द्वारा नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि 181 पर की गई शिकायत के निराकरण हेतु आवेदक को बुलाया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ।अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़िता को न्याय कब तक मिल पाता है।