नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र की सरवानिया चौकी अंतर्गत ग्राम मोड़ी में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। खेत में बने खुले कुएं में गिरने से 45 वर्षीय किसान की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान भारत सिंह पिता करण सिंह राजपूत, निवासी ग्राम मोड़ी के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भारत सिंह गांव के गोविंद सिंह सोनीगरा के खेत पर अफीम की लुवनी-चिरन की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे खेत में बने खुले कुएं में जा गिरे। कुएं में गिरने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर सरवानिया चौकी प्रभारी निलेश सोलंकी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल नीमच भेजा। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

हादसे को लेकर परिजनों ने संदेह व्यक्त करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जाएगी। घटना बीती रात की बताई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
