नीमच। रंगों के पर्व होली की दस्तक के साथ ही शहर के बाजार रंग-बिरंगे गुलाल और पिचकारियों की बहार से सज उठे हैं। खासकर टैगोर मार्ग पर होली बाजार की रौनक देखते ही बन रही है। यहाँ करीब 35 अस्थायी दुकानें सजाई गई हैं, जबकि पूरे शहर में 70 से अधिक स्थानों पर रंग, गुलाल और पिचकारियों की दुकानें लग चुकी हैं।
4 मार्च को मनाई जाने वाली धुलेंडी से पहले ही बाजारों में खरीदारी का उत्साह बढ़ने लगा है। टैगोर मार्ग पर रंग-बिरंगे अबीर-गुलाल और आकर्षक पिचकारियों की कतारें लोगों को अपनी ओर खींच रही हैं। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली, टैंक डिजाइन और फैंसी पिचकारियां खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। छोटे बच्चों से लेकर युवाओं तक के लिए अलग-अलग डिजाइन और आकार की पिचकारियां उपलब्ध हैं।
व्यापारियों के अनुसार, इस बार हर्बल और नेचुरल गुलाल की मांग अधिक है। अरारोट और प्राकृतिक रंगों से तैयार खुशबूदार गुलाल लोगों को खूब पसंद आ रहा है, क्योंकि लोग अब त्वचा के लिए सुरक्षित रंगों को प्राथमिकता दे रहे हैं। बाजार में गिफ्ट पैक गुलाल, हर्बल व नेचुरल गुलाल और विभिन्न रंगों के प्रीमियम पैक भी उपलब्ध हैं।
इसके अलावा, बाजार में इलेक्ट्रिक टैंक, इलेक्ट्रिक बंदूक, गुलाल सिलेंडर, स्पिनर पाइप, सायरन वाली पिचकारी, रंगीन स्प्रे, विग, मुखौटे और होली की मैजिक टी-शर्ट जैसी कई आकर्षक सामग्री बिक्री के लिए सजाई गई हैं।
व्यापारियों का कहना है कि जैसे-जैसे होली करीब आएगी, खरीदारी में और तेजी आने की उम्मीद है। फिलहाल शहर में रंगों की खुशबू और होली के गीतों के बीच बाजार की रौनक देखते ही बन रही है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी रंगों के इस पर्व का उत्साहपूर्वक स्वागत कर रहे हैं।