नीमच। पवित्र रमजान माह में जहां रोज़ेदार इबादत और नेकियों के माध्यम से अल्लाह की रहमत पाने का प्रयास करते हैं, वहीं नीमच की सामाजिक संस्था अली फाउंडेशन ने इंसानियत और सेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी अली फाउंडेशन ने रमजान के मुबारक महीने में सेहरी और इफ्तारी के उद्देश्य से करीब 375 राशन किट जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई। यह सेवा कार्य केवल नीमच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मध्यप्रदेश, झारखंड, उड़ीसा, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और कश्मीर सहित कुल 33 स्थानों पर जरूरतमंद लोगों को राशन किट वितरित किए गए।

इस नेक कार्य के लिए समाज के दानदाताओं ने भी खुलकर सहयोग किया। अली फाउंडेशन को कुल 8 लाख 27 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग प्राप्त हुआ, जिसकी बदौलत यह सेवा अभियान बड़े स्तर पर संचालित किया जा सका।

नीमच शहर में रोज़ेदारों के लिए लगभग 200 राशन किट संस्था के सक्रिय युवा सदस्यों द्वारा समर्पण और लगन के साथ वितरित किए गए। युवाओं ने जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर उन्हें सम्मानपूर्वक राशन उपलब्ध कराया।

गौरतलब है कि अली फाउंडेशन केवल रमजान माह में ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष स्वास्थ्य, शिक्षा और मानवीय सहायता से जुड़े विभिन्न सेवा प्रकल्प संचालित करता है। संस्था का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।

रमजान के पवित्र महीने में अली फाउंडेशन की इस पहल ने यह संदेश दिया कि नेक नीयत और सामूहिक सहयोग से इंसानियत की रोशनी दूर-दूर तक फैल सकती है।
