शिवपुरी। शहर में आज खाटू श्याम की पहली बार पालकी यात्रा निकाली गई। इस पालकी यात्रा के दौरान सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बन गया। गुना बायपास स्थित खाटू श्याम मंदिर के पुजारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि शहर में बाबा की शोभायात्राएं पहले भी निकल चुकी हैं, लेकिन पालकी यात्रा का आयोजन पहली बार हुआ है।
पालकी यात्रा का शुभारंभ मां राजेश्वरी मंदिर से हुआ। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद बाबा को सुसज्जित पालकी में विराजमान कर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते हुए यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग पर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बाबा का स्वागत किया गया।
यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुना बायपास स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंचेगी। मंदिर में महाआरती और उसके उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया वहीं पालकी यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तेद रहा