नीमच। भारत विकास परिषद् सुभाष शाखा, नीमच के तत्वावधान में टाउन हॉल में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम “मधुरम” संगीत प्रेमियों के लिए यादगार शाम साबित हुआ। कार्यक्रम में सुरसंगम म्यूजिकल ग्रुप, नीमच के उभरते कलाकारों ने शानदार गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को सुरों की मधुर दुनिया में मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने लगभग 25 लोकप्रिय गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मधुर संगीत और शानदार गायन ने उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया। श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन के समापन पर भारत विकास परिषद् द्वारा सभी कलाकारों को सम्मान स्वरूप शील्ड भेंट कर अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष ललित राठी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य नीमच के उभरते कलाकारों को मंच प्रदान करना और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि कलाकारों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। परिषद भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के रीजनल पदाधिकारी प्रदीप चोपड़ा, भाजपा उपाध्यक्ष राकेश पप्पू जैन, समाजसेवी जम्मू कुमार जैन, संतोष चोपड़ा, प्रमोद रामावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सुरसंगम म्यूजिकल ग्रुप की ओर से महेश शर्मा, जीवन कौशिक, वीरेंद्र दुबे, गोपाल गर्ग, सतीश पाटीदार, लोकेश सैनी, राजकुमार लालवानी, उषा दुबे, मीरा पथ एवं संध्या जैन सहित अन्य कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन संगीता जारोली एवं उमेश शर्मा ने किया। अंत में परिषद के सचिव मनीष गर्ग ने सभी अतिथियों, कलाकारों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।