नीमच। शहर की लकड़ी मंडी व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को प्राइवेट बस स्टैंड परिसर स्थित सिद्धीविनायक मंदिर में आयोजित की गई। बैठक में समिति की कार्यकारिणी सहित सभी व्यापारियों ने भाग लेते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिए।
बैठक में आगामी होली मिलन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। यह समारोह जमुनियाँ बालाजी मंदिर परिसर में आगामी रविवार, 8 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा, जिसमें लकड़ी मंडी के सभी व्यापारी सदस्य शामिल होंगे।
सदस्यों की सहमति से यह भी तय किया गया कि होली मिलन समारोह के अवसर पर समिति की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। सर्वसम्मति से नए अध्यक्ष सहित पूरी कार्यकारिणी का चयन किया जाएगा।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि लकड़ी मंडी क्षेत्र में किसी सदस्य के यहां शोक की स्थिति उत्पन्न होने पर समिति के अध्यक्ष द्वारा सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को एकत्रित कर श्रद्धांजलि एवं संवेदना व्यक्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, समिति के पुराने रजिस्ट्रेशन को पुनः प्रारंभ कराने हेतु होने वाले खर्च को सभी सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से वहन करने पर सहमति बनी। साथ ही नई कार्यकारिणी के औपचारिक गठन के बाद सभी सदस्यों के लिए सामूहिक सहभोज आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि नई समिति का कार्यकाल दो वर्ष का रहेगा, जिसके पश्चात पुनः नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।