चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलिया जी मंदिर में भंडार से निकली दान राशि की गिनती दो दिन के अंतराल के बाद गुरुवार को फिर से शुरू की गई। मंदिर प्रशासन ने राजभोग आरती के बाद काउंटिंग का कार्य शुरू किया, जो शाम तक लगातार चलता रहा।
दूसरे चरण की गिनती में मंदिर के भंडार से 7 करोड़ 25 लाख 80 हजार रुपए की राशि सामने आई। इस दौरान मंदिर प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे तथा पूरी प्रक्रिया तय नियमों के अनुसार संपन्न कराई गई।
मंदिर मंडल के सदस्य पवन तिवारी ने बताया कि अब तक भंडार की दो राउंड में गिनती हो चुकी है। दोनों चरणों को मिलाकर कुल 17 करोड़ 90 लाख 80 हजार रुपए की राशि प्राप्त हो चुकी है। पहले चरण में करीब 10 करोड़ 65 लाख रुपए की राशि की गिनती की गई थी। अब तीसरे चरण की काउंटिंग शुक्रवार को की जाएगी।
भंडार की गिनती को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच उत्सुकता का माहौल बना रहा। देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सांवलिया सेठ के दर्शन करने आते हैं और अपनी श्रद्धा के अनुसार दान भी अर्पित करते हैं।
भंडार की गिनती बीच में दो दिन तक रुकी रही थी। 3 मार्च को चंद्र ग्रहण और सूतक के कारण काउंटिंग नहीं हुई, जबकि 4 मार्च को मंदिर में फूलडोल महोत्सव के चलते भी यह प्रक्रिया स्थगित रही। इसके बाद गुरुवार को फिर से गिनती का कार्य शुरू किया गया। मंदिर प्रशासन के अनुसार आवश्यकता के अनुसार आगे भी भंडार की काउंटिंग जारी रखी जाएगी।