नीमच। शहर में कला, संस्कृति और परंपरा का संगम “कृति उत्सव-2026” के तहत 7 मार्च को टाउन हॉल में भव्य लोक नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम रात्रि 8 बजे से शुरू होगा और शहरवासियों को लोक जीवन की रंगारंग झलकियाँ देखने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के पहले दिन खंडवा के अनुजा उपाध्याय ग्रुप द्वारा आकर्षक लोक नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। पारंपरिक परिधान और जीवंत संगीत के साथ कलाकार लोक जीवन की विविधता मंच पर जीवंत रूप में पेश करेंगे।
यह आयोजन कृति परिवार, नीमच द्वारा निशुल्क किया जा रहा है। संस्था अध्यक्ष डॉ. अक्षय राजपुरोहित, सचिव कमलेश जायसवाल और प्रचार सचिव कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम के संयोजक इंजी. बाबूलाल गौड़ और श्याम टाकवाल होंगे। आयोजकों ने कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में डॉ. दीपक सिंहल (ऑर्थाेपेडिक सर्जन), सरिता देवी गोयल (वृंदावन ग्रीन होटल), डॉ. यशवंत पाटीदार (ऑर्थाेपेडिक सर्जन), प्रेम प्रकाश नागदा (सिविल कांट्रेक्टर), राजेश जायसवाल (पराग टेंट सप्लायर), भरत जाजू (समाजसेवी), डॉ. नरेंद्र कुमावत (फिजियोथैरेपिस्ट) और मोनिल मलिक (सियाराम द एथिक स्टूडियो, मलिक परिवार, मनासा) उपस्थित रहेंगे। कृति परिवार ने सभी नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर लोक उत्सव का आनंद लेने का आग्रह किया है।