नीमच। कलेक्टर कार्यालय के कनावटी साइड स्थित दूसरे गेट पर शुक्रवार को एक कार लगभग दो फीट गहरे गड्ढे में गिरने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि कार में सवार दोनों युवक सुरक्षित रहे और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार शहर में वर्तमान में सिटी फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य जारी है। कलेक्टर कार्यालय के दूसरे गेट के पास मिट्टी का ऊंचा ढेर और गड्ढा बना हुआ था। हादसा तब हुआ जब रजिस्ट्री के कार्य से आए निम्निश और दिव्यांश गेट से बाहर निकल रहे थे। मिट्टी के ढेर के कारण गड्ढा दिखाई नहीं दिया और उनकी नेक्सॉन कार उसमें उतर गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान उचित संकेतक या सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने ठेकेदार की लापरवाही और निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग पर सवाल उठाए। फिलहाल, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और दोनों युवक सुरक्षित हैं। जेसीबी की मदद से कार को भी बाहर निकाला गया है।
