कुकड़ेश्वर। ग्राम पंचायत सुवासरा खुर्द के अंतर्गत आने वाले अमेरी गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक तेंदुए ने घर में घुसकर हमला कर दिया, जिससे गांव में दहशत फैल गई। इस हमले में नानी बाई (70 वर्ष) और उनके पति जयराम गंभीर रूप से घायल हो गए। तेंदुए के नाखूनों से उनके हाथ-पैर पर गहरी खरोंचें आई हैं।

घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, लेकिन टीम काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची, जिससे नाराजगी बढ़ी। इसके बाद धीरज नाहटा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर वन विभाग को स्थिति से अवगत कराया। बताया गया है कि वन विभाग की टीम पिंजरा लेकर तेंदुए को पकड़ने के लिए रवाना हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में लगातार हो रहे अतिक्रमण और पेड़ों की कटाई के कारण वन्य जीवों का प्राकृतिक आवास समाप्त हो रहा है। भोजन और पानी की कमी के चलते जंगली जानवर गांवों की ओर आने को मजबूर हो रहे हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगल की जमीनों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए, अवैध कटाई पर रोक लगाई जाए और वन्य जीवों के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।