गरोठ। क्षेत्र के छोटे से गांव नारिया बुजुर्ग के होनहार युवा अंकुश पाटीदार ने देश की सबसे प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। नारिया बुजुर्ग निवासी अंकुश पाटीदार, पिता अमरलाल पाटीदार ने Union Public Service Commission (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा में 780वीं रैंक प्राप्त की है।
कृषक परिवार और ग्रामीण परिवेश से आने वाले अंकुश की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और कड़ी मेहनत से किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है। अंकुश के पिता अमरलाल पाटीदार और उनका परिवार इस उपलब्धि पर बधाइयाँ स्वीकार कर रहा है।
जैसे ही अंकुश के चयन की खबर नारिया बुजुर्ग और गरोठ क्षेत्र में पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि अंकुश बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं और उनकी इस सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
सोशल मीडिया पर भी अंकुश को जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों की ओर से लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।
अंकुश की इस उपलब्धि ने गरोठ और मंदसौर जिले के उन विद्यार्थियों के लिए एक नई मिसाल पेश की है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। 780वीं रैंक हासिल कर अंकुश अब प्रशासनिक सेवा के माध्यम से देश सेवा की राह पर आगे बढ़ेंगे।