चित्तौड़गढ़। जिले के प्रसिद्ध श्री सांवरिया सेठ मंदिर में शुक्रवार को एक श्रद्धालु द्वारा ट्रैक्टर भेंट किया गया। कूथना निवासी व्यवसायी गोविंदलाल विजयवर्गीय ने परिवार सहित मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और महिंद्रा कंपनी के ट्रैक्टर की चाबी मंदिर मंडल को सौंप दी।

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर की कीमत करीब 7 लाख 11 हजार रुपये है। गोविंदलाल विजयवर्गीय का ट्रैक्टर व्यवसाय है और हाल ही में व्यापार में हुए मुनाफे का एक हिस्सा उन्होंने भगवान सांवरिया सेठ को समर्पित किया। उनका कहना है कि व्यापार में मिली सफलता भगवान की कृपा से ही संभव हुई है।

परिवार के साथ पहुंचकर मंदिर मंडल को सौंपा ट्रैक्टर-
ट्रैक्टर भेंट करते समय गोविंदलाल विजयवर्गीय के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। ट्रैक्टर प्राप्त होने के बाद मंदिर प्रशासन और मंदिर मंडल के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे लंबे समय से भगवान सांवरिया सेठ के प्रति गहरी आस्था रखते हैं और मंदिर सेवा में सहयोग करना अपने लिए सौभाग्य मानते हैं।

“सांवरिया ट्रैक्टर्स” नाम से संचालित है शोरूम-
गोविंदलाल विजयवर्गीय ने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले में उनके पास Mahindra & Mahindra कंपनी के ट्रैक्टर की डीलरशिप है। उनका शोरूम भी भगवान सांवरिया सेठ के नाम पर “सांवरिया ट्रैक्टर्स” के नाम से संचालित किया जा रहा है। परिवार का मानना है कि भगवान की कृपा से ही व्यापार में लगातार तरक्की हो रही है।

मंदिर की गौशाला और खेती के काम में आएगा ट्रैक्टर-
मंदिर मंडल के अनुसार मंदिर के पास पर्याप्त भूमि है, जहां खेती का कार्य किया जाता है और गौशाला के लिए हरा चारा तैयार किया जाता है। ऐसे में यह ट्रैक्टर खेती, चारा काटने व लाने और पानी के टैंकर जैसे कार्यों में उपयोगी साबित होगा।

गोविंदलाल विजयवर्गीय ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने मंदिर को ट्रैक्टर भेंट किया है। इससे पहले भी पिछले वर्ष मार्च में मंदिर को एक ट्रैक्टर दिया गया था। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से उनका परिवार मंदिर सेवा के रूप में ट्रैक्टर भेंट कर रहा है और आगे भी भगवान की कृपा रही तो इसी प्रकार सेवा करते रहेंगे।
