नीमच। शहर में अंतरमना तपाचार्य प्रसन्न सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में ‘हर मास एक उपवास’ अभियान के अंतर्गत शनिवार को टाउन हॉल सभागार में भव्य संगीत एवं कवि सम्मेलन के साथ चतुर्थ सामूहिक उपवास कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
यह आयोजन दिगंबर जैन समाज, नीमच और फास्टिक फाउंडेशन, नीमच चौप्टर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और धर्मप्रेमी शामिल हुए। कार्यक्रम में आध्यात्मिक वातावरण के बीच उपवास, भक्ति, संगीत और काव्य का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में निपानिया धाम के महामंडलेश्वर सुरेशानंद जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं धर्मसभा में डॉ. पीयूष सागर जी महाराज और सहज सागर जी महाराज का भी सानिध्य प्राप्त हुआ। संतों ने अपने प्रेरक संदेशों के माध्यम से श्रद्धालुओं को संयम, साधना और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर टीवी स्टार कवि सुदीप भोला ने अपनी काव्य रचनाओं से सभागार में उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं बांसुरी वादक विक्रम और देव कनेरिया ने अपनी मधुर बांसुरी की सुरमयी प्रस्तुति से कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम में एसके तिजारावाला जो योग गुरु बाबा रामेदव के प्रवक्ता हैं, हरिद्वार से विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही अंतरमना धार्मिक एवं परमार्थिक न्यास के समन्वयक आकाश जैन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
दिगंबर जैन समाज नीमच के अध्यक्ष विजय कुमार जैन ने बताया कि ‘हर मास एक उपवास’ अभियान का उद्देश्य समाज में संयम, स्वास्थ्य और आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान दिलीप सिंह परिहार, ओमप्रकाश सकलेचा, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।