नीमच। देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच नीमच शहर में गैस सिलेंडर की डिलीवरी व्यवस्था प्रभावित हो गई है। अचानक बढ़ी मांग और तकनीकी समस्या के कारण उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों के अनुसार सर्वर डाउन होने से बुकिंग और डिलीवरी प्रक्रिया फिलहाल बाधित है।

जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की वृद्धि की है, जबकि 19 किलो के कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 115 रुपये का इजाफा किया गया है। बढ़ी हुई कीमतें 7 मार्च से लागू हो गई हैं। दाम बढ़ने की खबर के बाद नीमच शहर में अचानक घरेलू गैस सिलेंडर की मांग बढ़ गई है। इसी बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इजरायल-ईरान युद्ध को लेकर बने हालात के कारण भी लोगों में गैस सिलेंडर को लेकर चिंता बढ़ी है, जिसके चलते मांग में तेजी आई है।

सर्वर डाउन होने से डिलीवरी प्रभावित-
गैस एजेंसियों के अनुसार सर्वर शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे से डाउन है। इसके कारण उपभोक्ता गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं और डिलीवरी भी प्रभावित हो रही है। एजेंसियों का कहना है कि तकनीकी समस्या के चलते कैश मेमो और अन्य जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है।

डीएसी जनरेट नहीं होने से सिलेंडर की डिलीवरी प्रभावित-
श्री श्याम गैस एजेंसी के डीलर ने बताया कि सर्वर बंद होने से कैश मेमो नहीं बन पा रहा है। कैश मेमो नहीं बनने पर डीएसी (डिलीवरी ऑथराइजेशन कोड) जनरेट नहीं होता और बिना डीएसी के डिलीवरी मैन उपभोक्ता को सिलेंडर नहीं दे सकता। उन्होंने बताया कि सर्वर समस्या एजेंसी स्तर की नहीं है, बल्कि आगे से ही तकनीकी दिक्कत आ रही है। समस्या के जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।

उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी-
गैस उपभोक्ताओं का कहना है कि वे शुक्रवार दोपहर से सिलेंडर बुक करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कॉल करने पर नंबर क्रैश हो रहा है और बुकिंग नहीं हो पा रही है। इससे कई परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों में नए दाम-
दाम बढ़ने के बाद मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें इस प्रकार हैं- भोपाल में 918 रुपये, इंदौर में 941 रुपये, ग्वालियर में 996 रुपये, जबलपुर में 919 रुपये और उज्जैन में 972 रुपये। वहीं प्रदेश में सबसे महंगा घरेलू गैस सिलेंडर नर्मदापुरम में लगभग 1035 रुपये में मिल रहा है।

पहले भी हो चुका है बदलाव-
इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे। वहीं अंतरराष्ट्रीय महिलाा दिवस (8 मार्च 2024) के अवसर पर केंद्र सरकार ने सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपये की कटौती भी की थी। फिलहाल सर्वर समस्या के कारण नीमच में गैस सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी बाधित है। एजेंसियों का कहना है कि तकनीकी दिक्कत दूर होते ही व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।
