कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में कटनी-शहडोल रेलखंड पर एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। बाबा घाट के पास एक गुड्स मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए, जिससे इस महत्वपूर्ण रूट पर रेल यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है।मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने के बाद नीचे की ओर जा गिरे, लेकिन किसी यात्री ट्रेन से टकराव नहीं हुआ और घटनाक्रम में किसी की जान नहीं गई। कोई घायल भी नहीं हुआ।
रेलवे के कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू और रिलीफ कार्य में जुटे हैं। क्रेन और अन्य मशीनरी की मदद से डिब्बों को पटरी पर लाने का प्रयास जारी है। एरिया मैनेजर (कटनी) ने बताया कि हादसे की वजहों की जांच की जा रही है, संभवतः ट्रैक या यांत्रिक खराबी हो सकती है।
इस हादसे से कटनी-शहडोल मार्ग पर आने-जाने वाली कई मालगाड़ियां और पैसेंजर ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। रेलवे ने वैकल्पिक रूट या डायवर्शन की व्यवस्था की है, लेकिन यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन की स्थिति की जानकारी स्टेशन या आधिकारिक ऐप से चेक करें। जांच पूरी होने के बाद ट्रैक बहाल किया जाएगा।