कुकड़ेश्वर। नगर से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित साकरिया खेड़ी के जंगल में विराजित मां आदिशक्ति नारसिंह माता मंदिर परिसर के पास तेंदुए की मौजूदगी से रविवार को अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मंदिर के आसपास तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बाद दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर परिसर के पास तेंदुआ दिखाई देने के बाद लोगों ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए अन्य श्रद्धालुओं को भी सावधान किया। इसके बाद कई श्रद्धालु बिना दर्शन किए ही वापस लौट गए।
रविवार को उमड़ती है भारी भीड़-
नारसिंह माता मंदिर क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र है। यहां हर रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर घने जंगल के बीच स्थित होने के कारण आसपास जंगली जानवरों की मौजूदगी का खतरा बना रहता है।
श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील-
स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी है। जब तक वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित रूप से पकड़ या जंगल की ओर नहीं खदेड़ देती, तब तक श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने और समूह में ही मंदिर जाने की अपील की जा रही है। जंगली जानवर की गतिविधियां अनिश्चित होती हैं और वह किसी भी समय हमला कर सकता है।