प्रतापगढ़। भारत विकास परिषद प्रतापगढ़ (दक्षिण प्रांत) के बैनर तले समाज कल्याण विभाग तथा श्री महावीर विकलांग सहायता समिति के तत्वावधान में तीन दिवसीय तृतीय नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं दिव्यांग सहायक उपकरण वितरण शिविर का शुभारंभ शनिवार को स्थानीय दशहरा मैदान स्थित दादाबाड़ी परिसर में हुआ। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय महासचिव संदीप बालदी ने की। इस अवसर पर क्षेत्रीय संयोजक संपर्क संजीव भारद्वाज, पर्यावरण संयोजक कमल जैन, प्रांतीय संगठन मंत्री नवीन वरडिया, परिषद के अध्यक्ष इंजीनियर जाकिर हुसैन, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उत्सव जैन तथा परिषद के प्रांतीय महासचिव सुधीर वोरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रेखा वोरा ने किया तथा आभार कमल जैन ने व्यक्त किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने कहा कि समाज में दिव्यांगजनों की सहायता करना सबसे बड़ा मानवीय दायित्व है। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने जिस कमी को छोड़ा है, उसे पूरा करने का अवसर सेवा संगठनों को दिया है और भारत विकास परिषद इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। मंत्री मीणा ने बताया कि विधायक निधि के अंतर्गत प्रतिवर्ष प्राप्त होने वाली राशि में से इस वर्ष एक करोड़ रुपये दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए व्यय करने की पहल की गई है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को सहायता मिल सके।
विशिष्ट अतिथि भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उत्सव जैन ने अपने संबोधन में कहा कि अपूर्ण अंगों से पीड़ित लोगों की सेवा करना वास्तव में ईश्वर की सेवा के समान है। उन्होंने मंत्री हेमंत मीणा की पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रतापगढ़ में पहली बार विधायक निधि से दिव्यांगजनों के लिए स्कूटी वितरण की अभिनव योजना शुरू की जा रही है। साथ ही आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मंत्री मीणा के प्रयासों से इस योजना का लाभ व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच रहा है।
अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय महासचिव संदीप बालदी ने कहा कि भारत विकास परिषद का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज में सेवा और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है। उन्होंने बताया कि परिषद के माध्यम से अब तक लाखों लोगों को सहयोग प्रदान किया जा चुका है। परिषद का लक्ष्य लोगों को आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज में सेवा के संस्कारों को बढ़ावा देना है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति अपने परिवार और समाज के विकास में योगदान दे सके।
कार्यक्रम में परिषद के प्रांतीय महासचिव सुधीर वोरा ने संगठन की विभिन्न सेवा गतिविधियों पर प्रकाश डाला, वहीं अध्यक्ष इंजीनियर जाकिर हुसैन ने शिविर की रूपरेखा और उद्देश्य की विस्तृत जानकारी दी। शिविर के दौरान कुल 207 जरूरतमंद दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 10 कृत्रिम पैर, 6 कृत्रिम हाथ, 23 कैलिपर, 23 श्रवण यंत्र, 73 त्रिचक्री वाहन, 27 व्हील चेयर, 13 सहारा छड़ी, 9 दृष्टिबाधित छड़ी तथा 10 बैसाखियां शामिल हैं।
शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, परिषद पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित जनों ने भारत विकास परिषद की इस सेवा पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी कदम बताया।