प्रतापगढ़। जिले में नदियों और जल स्रोतों की स्वच्छता को लेकर “वी केयर रिवर्स एंड वॉटर बॉडीज” अभियान के तहत रिलायंस फाउंडेशन एवं अन्य संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में बगवास स्थित तालाब तथा हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के गुप्त गंगा महादेव परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम स्तर पर जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और लोगों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इस अवसर पर ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं के साथ विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में प्रकृति फाउंडेशन, एफईएस संस्था, पशुपालन विभाग तथा बड़ोदरा स्वरोजगार विकास संस्थान के सदस्यों ने मिलकर नदी, तालाब, कुंड और अन्य जल स्रोतों के आसपास सफाई अभियान चलाया तथा लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. श्रीनिवास तथा बड़ोदरा स्वरोजगार विकास संस्थान के निदेशक ने जल संरक्षण और स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नदियां और जल स्रोत हमारे जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए उनकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर रिलायंस फाउंडेशन के जिला प्रबंधक विक्रम सिंह सिसोदिया ने अभियान की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को भविष्य में जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे जल स्रोतों में प्लास्टिक या अन्य कचरा नहीं डालेंगे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति गांव-गांव में जागरूकता फैलाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने मिलकर जल स्रोतों की सफाई कर स्वच्छता का सकारात्मक संदेश दिया। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।