नीमच। भगवान श्री झूलेलाल जी के 1076वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित चेट्रीचंड महोत्सव के तहत रविवार को शहर में सेवा, सहयोग और मानवता का प्रेरक उदाहरण देखने को मिला। पूज्य सिंधी पंचायत और लायंस क्लब के तत्वावधान में चेट्रीचंड उत्सव समिति द्वारा स्थानीय श्री भाग्येश्वर महादेव मंदिर परिसर में विशाल निरूशुल्क रक्तदान शिविर, थैलीसीमिया जांच तथा दंत जांच-परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।
यह सेवा शिविर स्वर्गीय सरस्वती देवी अन्दानी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया। शिविर में लायंस क्लब, रेडक्रॉस सोसायटी और थैलीसीमिया सोसायटी नीमच का विशेष सहयोग रहा, जबकि दंत जांच एवं परामर्श डॉ. सोनल रामनानी द्वारा प्रदान किया गया।
शिविर में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान जैसे महादान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। विशेष रूप से महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया।
शिविर में 125 से अधिक रक्तदाताओं ने पंजीयन कराया, जिनमें से बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही थैलीसीमिया जांच और दंत जांच के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया तथा विशेषज्ञों द्वारा आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया। शिविर के सफल संचालन में ब्लड बैंक स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।