नीमच। इंदिरा नगर क्षेत्र में सांड के हमले से घायल होकर मृत हुए युवक सुधीर दमामी के मामले को लेकर रविवार को जिला अस्पताल में परिजनों ने धरना दे दिया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर मरीजों को निजी अस्पतालों में रेफर करने के नाम पर मिलीभगत और कमीशनखोरी के आरोप लगाए।
परिजनों का कहना था कि जिला अस्पताल से मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजने का खेल लंबे समय से चल रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। धरने के दौरान परिजन शव ले जाने को तैयार नहीं थे, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर तहसीलदार अजेंद्र नाथ प्रजापति और केंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी और मामले की जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और धरना समाप्त कर दिया।