मनासा। क्षेत्र के ग्राम बड़कुआ में रविवार को एक किसान के खेत में रखी चिया की ढेरी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ढेरी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बड़कुआ निवासी किसान बाबूलाल पिता कचरूलाल बैरागी के खेत पर चिया फसल निकालने के दौरान खेत में रखी ढेरी में अचानक आग लग गई। आग लगते ही खेत पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी व अन्य साधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने समय रहते आग को फैलने से रोक लिया, जिससे आसपास के खेतों और अन्य फसलों को नुकसान होने से बचाया जा सका।
हालांकि आग लगने से किसान की चिया की ढेरी पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जिससे किसान को आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में पीड़ित किसानों को उचित सहायता प्रदान की जाए।