नीमच। स्कीम नंबर 36-ए स्थित जाजू नगर के श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाली श्री शिव महापुराण कथा के शुभारंभ से पूर्व सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। रामधुन और भजनों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कलश यात्रा श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर कॉलोनी के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारे लगाते हुए वातावरण को शिवमय बनाते रहे।
आयोजन समिति के अनुसार प्रसिद्ध कथावाचक पंडित मनोहर नागदा (कानाखेड़ा वाले) के मुखारविंद से सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ किया जाएगा। कथा का आयोजन 9 मार्च से 15 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 12.30 बजे से श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में किया जाएगा।
यह धार्मिक आयोजन श्री रामभक्त मंडल एवं स्कीम नंबर 36-ए के समस्त कॉलोनीवासियों के सहयोग से किया जा रहा है। समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से कथा में उपस्थित होकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण कर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया है।