प्रतापगढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी महावीर सिंह कृष्णावत, रवि जोशी, वर्दी चंद धाकड़, गोपाल धाभाई, हार्दिक छोरिया, निशील छोरिया, नरेंद्र गिरी गोस्वामी, उत्सव जैन, दलपत मीणा, दीपेश आमेटा, जीतेश सोनी, सुनयना हापावत, प्रशस्ति कुंवर तथा जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नृत्य, कविता वाचन सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
महिला अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक नेहा माथुर ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। समाज की प्रगति तभी संभव है जब महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिले।
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है और किसी भी प्रकार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाती है।
समाजसेवी महावीर सिंह कृष्णावत ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परचम लहरा रही हैं। समाज को चाहिए कि वह महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करे और उनके योगदान का सम्मान करे।
कार्यक्रम में दीपशिखा के नेतृत्व में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं की विभिन्न भूमिकाओं को दर्शाया गया, जिसका उपस्थित जनों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन नीलम कटलाना ने किया।
इस अवसर पर पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं की जिला मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं, खेलकूद प्रतियोगिताओं में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रतिभाओं तथा पोस्टर, कविता और निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।