नीमच। जिले के जावद तहसील क्षेत्र के ग्राम गोडी निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी को मायके पक्ष द्वारा जबरन रोककर रखने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है।
एसपी कार्यालय में दिए गए आवेदन में सुनील बलाई पिता जगदीश बलाई ने बताया कि उसका विवाह ग्राम चचोर तहसील रामपुरा निवासी रीना पिता भवानीशंकर बलाई के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद पत्नी उसके साथ ग्राम गोडी में रह रही थी। दंपत्ति की 7 माह की एक पुत्री कीर्ति भी है।
आवेदन में सुनील बलाई ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी की माता गोदावरी बाई ने उसे अपने घर ग्राम चचोर ले जाकर तब से जबरन रोक रखा है। साथ ही आरोप है कि पत्नी को वापस भेजने के बदले रुपयों की मांग की जा रही है, जबकि उसकी पत्नी बच्ची सहित पति के पास वापस आने के लिए तैयार है।
सुनील बलाई ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है तथा उसे मिलने भी नहीं दिया जा रहा। युवक ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि उसकी पत्नी को बच्ची सहित थाने बुलाकर स्वतंत्र रूप से बयान लिए जाएं और उचित कार्रवाई करते हुए उसे पति के साथ भेजा जाए।