नीमच। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था नया जीवन फाउंडेशन द्वारा महिलाओं के अधिकारों और जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम ग्राम सगरग्राम, हार्डी पिपलिया और चड़ोली में बांछड़ा समुदाय की महिलाओं व युवतियों के बीच संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों, महिला सशक्तिकरण तथा “मेरी पहचान - मेरा संविधान” विषय पर विस्तार से जानकारी दी गई। संस्था के कार्यकर्ताओं ने बताया कि समाज में समान अधिकार प्राप्त करने के लिए जागरूकता बेहद आवश्यक है।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष नरेंद्र चौहान ने कहा कि समाज की हर चुनौती से लड़ने के लिए शिक्षा सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने समुदाय से बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षित बेटियां ही आत्मनिर्भर बनकर समाज और देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
कार्यक्रम में महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने तथा बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। संस्था द्वारा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर रोशन सिंगवत, देवकन्या मालवीय और शमील चौहान सहित समुदाय की कई महिलाएं व युवतियां उपस्थित रहीं।