नीमच। जिले के गांव जयसिंहपुरा नई आबादी में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। श्री चमत्कारी बालाजी सेवा समिति और ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गांव के ही कुछ लोगों ने शासकीय भूमि पर कच्चा-पक्का निर्माण कर अवैध कब्जा कर लिया है। यह भूमि क्षेत्रीय विधायक की अनुशंसा पर लगभग 15 लाख रुपये की लागत से मांगलिक भवन निर्माण के लिए स्वीकृत की गई थी।
ग्रामीणों के अनुसार, भवन निर्माण के लिए शासकीय भूमि पर तारफेंसिंग की गई थी, लेकिन आरोपितों ने फेंसिंग तोड़कर पुनः कब्जा कर लिया और निर्माण कार्य के लिए लाए गए मिट्टी, सीमेंट व अन्य सामग्री को खाली नहीं होने दिया। विरोध करने पर संबंधित लोग विवाद करते हैं और झूठे प्रकरणों में फंसाने की धमकी देते हैं।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की जांच कर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि प्रस्तावित मांगलिक भवन का निर्माण कार्य शुरू हो सके।