मल्हारगढ़। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कनघट्टी में हिंदू नेता सुधाकरराव मराठा पहुंचे, जहां उन्होंने गांव के शमशान घाट में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य को गति देने के लिए शमशान घाट समिति को 5 लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान की। उनके आगमन पर ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और श्मशान घाट के विकास में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
यह अनुदान मल्हारगढ़ जनपद पंचायत सदस्य पंकज पाटीदार एवं कनघट्टी सरपंच महेश पाटीदार के आग्रह पर दिया गया। सुधाकरराव मराठा ने शमशान घाट समिति के सदस्यों शांतिलाल आजाद, ओमप्रकाश सुथार, फकीरचंद पाटीदार, देवीलाल पाटीदार, अमित राम पुष्कर पाटीदार, जगदीश साहू, अमलेश्वर महाराज एवं किशोर प्रजापत को यह राशि सौंपी। ग्रामीणों ने बताया कि इस राशि से श्मशान घाट के अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करने में काफी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर सुधाकरराव मराठा ने मीडिया से चर्चा करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में एकता बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को जातिवाद से ऊपर उठकर संगठित रहना चाहिए और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उनका कहना था कि मजबूत और जागरूक युवा ही समाज को सही दिशा दे सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में कुछ असामाजिक तत्व युवाओं, खासकर लड़कियों को नशे की लत लगाकर उन्हें गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने एमडी जैसे नशीले पदार्थों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि कई मामलों में प्रेम जाल में फंसाकर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की घटनाएं सामने आती हैं, जो समाज के लिए चिंता का विषय हैं।
मराठा ने समाज से अपील की कि ऐसी गतिविधियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाएं और युवाओं को जागरूक कर सुरक्षित समाज के निर्माण में योगदान दें।