माउंट आबू। राजस्थान के प्रसिद्ध पर्व शीतला सप्तमी का तीन दिवसीय आयोजन आज माउंट आबू में विधि-विधान के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर शहर के शीतला माता मंदिर में महिला श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और सैकड़ों महिलाओं ने माता की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर में आयोजित समापन पूजा प्रधान पुजारी पंडित सरल महाराज के सानिध्य में सम्पन्न हुई। परंपरा के अनुसार महिलाओं ने घरों में विभिन्न प्रकार के पकवान बनाकर मां शीतला को भोग अर्पित किया और पूरे श्रद्धाभाव से पूजा की।
वहीं इस पर्व के साथ ही राजस्थान के प्रसिद्ध गणगौर उत्सव की भी रौनक बढ़ गई है। हालांकि गणगौर पर्व की शुरुआत 4 मार्च से हो चुकी है, लेकिन बड़ी गणगौर की शुरुआत आज से मानी जाती है, जो अगले आठ दिनों तक मनाई जाएगी।
माउंट आबू में सोमवार, मंगलवार और बुधवार को अलग-अलग घरों में परंपरागत तरीके से शीतला सप्तमी का पर्व मनाया गया। तीसरे और अंतिम दिन मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकत्र होकर पूजा-अर्चना की और अपने सुहाग की लंबी उम्र तथा परिवार में सुख-शांति की कामना की।
इस दौरान महिला श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था और परंपरा के महत्व को भी साझा किया।