नीमच। पूरे मध्यप्रदेश के साथ नीमच जिले में भी छोटे होटल, ढाबा और ठेले लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले हजारों लोगों के सामने इन दिनों गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों के कारण बड़ा संकट खड़ा हो गया है। होटल और ढाबा संचालकों का कहना है कि उन्हें समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनका रोज़ का कामकाज प्रभावित हो रहा है।

छोटे व्यापारियों का कहना है कि वे पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे हैं, ऊपर से गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में होटल और ढाबा चलाना उनके लिए मुश्किल होता जा रहा है। कई संचालकों का कहना है कि गैस समय पर नहीं मिलने से उन्हें दुकान बंद करने की नौबत तक आ रही है और रोज़ की कमाई पर सीधा असर पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव भी इस स्थिति की एक बड़ी वजह बन रहे हैं। खासकर ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा बाजार पर देखने को मिल रहा है, जिससे गैस और तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव बढ़ गया है। इसका असर अब छोटे कारोबारियों और आम लोगों पर भी दिखाई दे रहा है।

ढाबा और होटल संचालकों ने सरकार से मांग की है कि गैस की आपूर्ति जल्द से जल्द सामान्य की जाए, ताकि छोटे व्यवसाय संचालकों को राहत मिल सके और उनका रोजगार सुरक्षित रह सके।
