जावद। रमज़ान का महीना मुस्लिम समुदाय के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है। इस महीने में समाजजन रोजा रखते हैं, इबादत करते हैं और अपने रब से दुआ करते हैं। इसी क्रम में हुसैनी मस्जिद, नीमच दरवाजा जावद में पीर-ए-तरीक़त हज़रत सैयद मोहम्मद आक़ील अख्तरुल कादरी साहब अलयहिर्रहमा की रूहानी सरपरस्ती में, जावद शहर काजी सैयद आदिल कादरी द्वारा रमजान माह की 21वीं तारीख को रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया।
आस्ताना ए कादरी फाउंडेशन ग्रुप की ओर से आयोजित इस इफ्तार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दिन को विशेष बनाने के पीछे एक और कारण भी था- जावद शहर के पूर्व काजी मरहूम सैयद मोहम्मद आक़ील अख्तरुल कादरी साहब का इंतकाल भी इसी तारीख को हुआ था। इस्लामी कैलेंडर के अनुसार हर साल की 21वीं तारीख को हुसैनी मस्जिद में नमाजे ईशा के बाद तकरीर का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
इस मौके पर शहर काजी सैय्यद मोहम्मद आदिल कादरी साहब और रोजेदारों ने अमन-चैन और सुरक्षा की दुआ मांगी। इफ्तार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबी शामिल हुए।
आयोजन में आए समाजजन और धर्मावलंबियों ने बताया कि जिस तरह पूर्व काजी से मोहब्बत थी, उसी प्रकार वर्तमान शहर काजी सैयद आदिल कादरी साहब से भी समाजजन गहरा स्नेह व्यक्त कर रहे हैं। इफ्तार आयोजन में आस्ताना ए कादरी फाउंडेशन के समस्त सदस्यों का भी सराहनीय योगदान रहा। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी हबीब राही ने दी।