मनासा। नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र के हाड़ी पिपलिया गांव में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। गांव के पास गैस एजेंसी के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में बबलू ढोली (गंधर्व), निवासी हाड़ी पिपलिया और प्रकाश बंजारा, निवासी जोरावरपुरा गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मनासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है।