नीमच। रामपुरा के खिमला पावर प्लांट में बड़ा हादसा सामने आया है, जहां एलएनटी कंपनी में कार्यरत एक मजदूर की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई। मृतक की पहचान एहसान उल हक के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला था और प्लांट में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था।
बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब एहसान उल हक प्लांट की करीब 6 मंजिला ऊंची दीवार पर प्लेट ठीक करने के लिए चढ़ा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे तुरंत सरकारी अस्पताल रामपुरा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम किया जाना बाकी है। सूत्रों के अनुसार, हादसे के पीछे सुरक्षा इंतजामों की कमी एक बड़ी वजह बताई जा रही है। अगर नीचे सुरक्षा जाली लगी होती तो शायद मजदूर की जान बचाई जा सकती थी। प्लांट में काम कर रहे अन्य मजदूरों का आरोप है कि यहां सुरक्षा मानकों का ठीक से पालन नहीं किया जाता और उनसे 10 से 12 घंटे तक लगातार काम लिया जाता है, जिससे थकान भी हादसों का कारण बन रही है। घटना के बाद मजदूरों में भारी आक्रोश है और उन्होंने हड़ताल शुरू कर दी है।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच की जा रही है। मजदूरों ने प्लांट प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर कब तक मजदूरों की जान के साथ इस तरह का खिलवाड़ होता रहेगा और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई कब होगी।