नीमच। ग्राम दारू के सेमड़ा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेत में गेहूं इकट्ठा करने का काम कर रहे मजदूरों के बीच अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही किसानों ने एकजुट होकर दवाई पंप (स्प्रे) के माध्यम से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के आगे उनके प्रयास नाकाम साबित हुए।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। मौके पर दो दमकल वाहन पहुंचे, लेकिन तब तक करीब 35 बीघा गेहूं जलकर खाक हो चुका था।
घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार संतोष पटेल, पटवारी निर्मल धाकड़ और पटवारी सहायक राहुल मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।
प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, वहीं प्रभावित किसानों को हुए नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है।