गरोठ। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी आज, 28 मार्च (शनिवार) को रात्रि 8:30 बजे दशहरा मैदान, गरोठ में बुराई के प्रतीक रावण के 31 फीट ऊंचे पुतले का दहन रंगारंग आकाशीय आतिशबाजी के साथ किया जाएगा।
चैत्र नवरात्रि एवं दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सायंकाल 7:30 बजे सदर बाजार स्थित भगवान श्री लक्ष्मीकांत मंदिर से भगवान श्रीराम, श्री लक्ष्मण एवं श्री हनुमान जी की भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकलेगी। यह शोभायात्रा सदर बाजार, रामपुरा दरवाजा, गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड होते हुए भानपुरा रोड से गुजरकर रात्रि 8:30 बजे दशहरा मैदान पहुंचेगी।
दशहरा मैदान में परंपरा अनुसार भगवान श्री लक्ष्मीकांत सहित श्रीराम, श्री लक्ष्मण एवं श्री हनुमान जी का पूजन-अर्चन एवं आरती की जाएगी। इसके पश्चात बाहर से आमंत्रित कलाकारों द्वारा भव्य एवं आकर्षक आकाशीय आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा।
आतिशबाजी के साथ ही भगवान श्रीराम द्वारा बुराई के प्रतीक रावण का वध किया जाएगा, जिसके बाद परंपरा अनुसार रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।