प्रतापगढ़। सामाजिक सरोकार और सादगीपूर्ण विवाह की अनूठी मिसाल पेश करते हुए शहर में मुस्लिम समाज द्वारा तीसरे इज्तिमाई निकाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 13 जोड़ों का निकाह मात्र 1 रुपए में संपन्न कराया गया, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया।
कार्यक्रम का आयोजन ईदगाह मैदान के पास मदार चिल्ला परिसर में हुआ, जहां शहर काजी हाजी जफरुल्लाह खान एवं वरिष्ठ ओलमा की मौजूदगी में सभी निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुए। पूरे आयोजन में रूहानियत और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
इस कार्यक्रम का आयोजन अंजुमन इस्लाम, नौजवान कमेटी और घोड़ा देह बाबा उर्स कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और स्थल मेले जैसा नजर आया।
रात्रि में आयोजित कव्वाली कार्यक्रम में मशहूर कव्वाल जुनैद सुल्तानी ने शानदार प्रस्तुति दी, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया।
आयोजकों द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों को घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुएं और उपहार भी प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।