मंदसौर। शहर के गांधी चौराहे पर रविवार को एक दिव्यांग महिला अपने संगठन मालवी युद्ध फाउंडेशन के बैनर तले धरने पर बैठ गई। मामला कथित रूप से रुपए के लेनदेन और नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी से जुड़ा बताया जा रहा है।
धरने पर बैठी महिला ने आरोप लगाया कि करीब 7-8 वर्ष पूर्व कांग्रेस से जुड़ी एक नेत्री ने नेताओं के फोटो दिखाकर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था और इसके एवज में 30 हजार रुपये लिए गए थे। महिला का कहना है कि न तो उसे नौकरी मिली और न ही उसकी राशि वापस की गई।
कई बार मांगने पर भी नहीं मिला पैसा-
महिला ने बताया कि वह 99 प्रतिशत दिव्यांग हैं और किसी तरह यह राशि जुटाई थी। आरोप है कि बार-बार मांगने पर हर बार 8दृ10 दिन में पैसे लौटाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया। इसी के विरोध में महिला ने धरना देकर प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस नेत्री ने आरोपों को बताया निराधार-
धरना स्थल पर पहुंची संबंधित कांग्रेस नेत्री ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि यह मामला पुराना है और संबंधित राशि पहले ही वापस की जा चुकी है। नेत्री ने आरोप लगाया कि उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से यह धरना दिया गया है और लगाए गए सभी आरोप तथ्यहीन हैं।