देवास। जन चेतना सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित नौ दिवसीय चौत्र नवरात्रि महोत्सव इस वर्ष भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम बनकर सामने आया। पहली बार विकास नगर चौराहे पर माता रानी की स्थापना कर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया गया।
नवरात्रि के नौ दिनों तक श्रद्धालुओं ने पूरे समर्पण और आस्था के साथ माता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों, युवाओं और मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
महोत्सव के समापन पर भव्य चल समारोह निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुरुषों और महिलाओं की सहभागिता देखने को मिली। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर इस शोभायात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया।
चल समारोह में बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत तलवारबाजी और अखाड़ा प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे, जिसने सभी का मन मोह लिया। यह शोभायात्रा विकास नगर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई सोमेश्वर महादेव मंदिर पर जाकर संपन्न हुई।
संयोजक अजय तोमर ने बताया कि संस्था द्वारा पहली बार चौत्र नवरात्रि में माता रानी की स्थापना की गई, जिसमें नौ दिनों तक लगातार धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस आयोजन ने न केवल श्रद्धा का संदेश दिया, बल्कि समाज में एकता और सांस्कृतिक जागरूकता को भी मजबूत किया।