बड़वाह। प्रसिद्ध कथावाचक और मोटिवेशनल स्पीकर जया किशोरी ने शादी को लेकर कहा कि यह जीवन का महत्वपूर्ण और सुंदर निर्णय है, लेकिन इसमें जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा- सही जीवनसाथी का चुनाव जीवन को संवार सकता है, जबकि गलत निर्णय जीवन को मुश्किल बना सकता है, इसलिए देर से शादी करना बेहतर है, बजाय गलत व्यक्ति से शादी करने के।
रविवार को खरगोन जिले के बड़वाह में एक निजी स्कूल के उद्घाटन के दौरान उन्होंने शिक्षा और संस्कारों पर भी जोर दिया। जया किशोरी ने कहा कि आज की शिक्षा प्रणाली में नैतिक मूल्यों की कमी हो रही है, इसलिए अभिभावकों को बच्चों को घर से ही अच्छे संस्कार देना जरूरी है।
जय किशोरी ने कहा कि वर्तमान शिक्षा प्रणाली बच्चों को बेहतर इंसान बनाने के बजाय केवल धन कमाने की दिशा में केंद्रित होती जा रही है। पहले भले ही औपचारिक शिक्षा कम थी, लेकिन घर और स्कूल दोनों जगह बड़ों का सम्मान और आध्यात्मिक मूल्य सिखाए जाते थे, जो अब कम होते जा रहे हैं।
उन्होंने ने पेरेंट्स से अपील की कि बच्चों को संस्कार घर से ही दें, क्योंकि बच्चे वही सीखते हैं जो वे अपने माता-पिता को करते हुए देखते हैं। उन्होंने कहा कि यदि बच्चा गलती करे तो उसे मारने-पीटने की बजाय सही रास्ता दिखाना चाहिए। उसकी हर जिद पूरी करने के बजाय उसे सही-गलत का अंतर समझाना जरूरी है।
बेटा और बेटी दोनों को आत्मनिर्भर बनाएं
उन्होंने यह भी कहा कि जीवन में केवल फर्स्ट आना ही सफलता नहीं है, बल्कि ज्ञान अर्जित कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना ज्यादा अहम है। आखिरी में उन्होंने पेरेंट्स से बेटा और बेटी दोनों को आत्मनिर्भर बनाने की अपील की, क्योंकि यही उनकी सबसे बड़ी ताकत बनेगी।
अक्सर धीरेंद्र शास्त्री से शादी की चर्चा होती है
बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ अक्सर जया किशोरी की शादी को लेकर चर्चा होती है। हालांकि दोनों इससे इनकार करते हैं।