नीमच। सकल जैन समाज द्वारा महावीर जयंती के पावन अवसर पर भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पुस्तक बाजार स्थित भीडभंजन पार्श्वनाथ मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
बैंड-बाजों की धुन और भजनों के बीच भगवान महावीर स्वामी रजत रथ में विराजित होकर नगर भ्रमण पर निकले। शोभायात्रा में महिलाएं हाथों में धर्म ध्वज लिए मंगल गीत गा रही थीं, वहीं समाजजन जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों- कमल चौक, बारादरी और घंटाघर से होते हुए मिडिल स्कूल ग्राउंड पहुंची, जहां धर्मसभा आयोजित की गई। इस दौरान जैन संतों ने प्रवचन देते हुए ‘जियो और जीने दो’ के सिद्धांत पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा के दौरान समाजजन भजनों पर थिरकते नजर आए।
सकल जैन समाज के मनीष कोठारी ने बताया कि महावीर जयंती के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ धार्मिक प्रवचन भी शामिल रहे।