नीमच। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद द्वारा संचालित श्री गोधाम बालाजी मंदिर में आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत भव्य ध्वज यात्रा के साथ हुई। इस ध्वज यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में भगवान हनुमान के जयघोष गूंजते रहे।
ध्वज यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली और पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान डीजे, ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। भक्त भक्ति गीतों पर झूमते हुए जयकारे लगाते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
आयोजकों के अनुसार, हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में चार दिनों तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें भजन संध्या, सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा पाठ, भगवान बालाजी का अभिषेक, अष्टोत्तर श्रीराम रक्षा स्तोत्र यज्ञ, जन्म महाआरती, सप्तकुंडी यज्ञ, महाआरती, भोग-प्रसादी और आतिशबाजी जैसे आयोजन शामिल हैं।
चार दिवसीय इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में भक्त कार्यक्रमों में शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।